सावन का पहला सोमवार : बीकोणो कबहूं न छोड़िये बाबा विश्वनाथ दरबार…

आरएनई बीकानेर।
सूरज बाद में उगा पहले उद्घोष गूंजा. हर-हर महादेव। यह उन कावड़ियों के स्वागत में महादेव के जयकारे थे जो कोलायत के कपिल सरोवर से कावड़ में जल भरकर पैदल बीकानेर पहुंचे थे। दिन की इस शुरूआत के साथ ही लगभग हर चौक, कॉलोनी और मोहल्ले में बने शिव मंदिरो में पहली आरती में ही भक्त उमड़ पड़े और टेर लगाई… हो शिव भूरी जटा वाळा…शिव दरसण देवो भोळा, हो शिव परसन्न होवो देवा। आरती के बाद अरदास सीरो-पूड़ी, गंगजळ थे पूरो करतार, बीकोणो कबहूं न छोड़ियै बाबा विश्वनाथ दरबार। बस इसके साथ ही पूरा दिन शिवमय हो गया।

सूरसागर के पास स्थित बारह महादेव मंदिर।

श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन है। देवो के देव महादेव से सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। सुबह से ही मंदिरों में शिवभक्तों का तांता लगा है। आस्था का ज्वार परवान पर है। श्रद्धालु भगवान शंकर का दुग्धाभिषेक, रुद्राभिषेक, जलाभिषेक, पंचामृत अभिषेक कर उन्हें रिझा रहे हैं। शहर से लेकर गांवों तक शिव भक्ति की सरिता बह रही है।

मंदिरों में ओम नम् शिवाय:

गोचर भूमि स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर!

शहर के शिव मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों की भीड़ है। शिवबाड़ी स्थित लालेश्वर महादेवए सूरसागर के समीप स्थित बारह महादेव, लालगढ़ में मार्केण्डेश्वर, श्रीरामसर रोड स्थित धरणीधर, महानंद, अमेरेश्वर, करमीसर रोड पर काशी विश्वनाथ, जस्सूसर गेट बाहर रंगोलाई के रामेश्वर नाथ महादेव, बीकाजी टेकरी के समीप स्थित आचार्यों की बागेची के जबरेश्वर, गोपेश्वर, फक्कडेश्वर, जस्सोलाई स्थित जनेश्वर मंदिर, पातालेश्वर, नत्थूसर गेट बाहर मगनेश्वर महादेव, फूलनाथ बागेची, ब्रह्म सागर, नर्बदेश्वर, गंगाशहर, भीनासर सहित शहर से लेकर गांवों तक शिव मंदिरों में आज विशेष पूजन अर्चना की जा रही है। गोचर भूमि स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर में पंडित संतोष कुमार बिस्सा, पंडि़त अशोक शर्मा के सान्निध्य में पूजा-अभिषेक कर भगवान शंकर का शृंगार किया गया।

 चल रहा है पार्थिव शिवलिंग निर्माण अनुष्ठान …  

सावन माह के साथ ही शहर में कई स्थानों पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण का अनुष्ठान शुरू हो गया है। जैसलमेर रोड स्थित रंगा कॉलोनी में भारतीय लघु पंचाग कार्यालय (आश्रम)  में पंडि़त अशोक बिस्सा के सान्निध्य में पार्थिव शिवलिंग निर्माण का अनुष्ठान चल रहा है। पहले सोमवार पर आज विशेष पूजन किया गया। अनुष्ठान में पंडि़त अभिषेक, पोला महाराज, मखन शर्मा, गिरीराज रंगा, ओम प्रकाश व्यास, शिवदयाल सहित श्रद्धालु भागीदारी निभा रहे हैं।

नोखा में बही भक्ति की सरिता…

नोखा कस्बे  में सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में हर हर महादेव के स्वर गुंजायमान रहे। अनकेश्वर महादेव मंदिर, श्री कृष्ण मंदिर, तिरुपति नगर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, भूतनाथ मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर, बागड़ी शिव मंदिर, नामदेव मंदिर, सहित शिवालयों में दिनभर शिव भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने दूध, घी, गन्ने का रस, शहद से भगवान शंकर का अभिषेक वैदिक मंत्रों के साथ किया।

जाने क्या महत्व है.. 

भागवताचार्य पंडि़त दुर्गादत्त व्यास के अनुसार भगवान शंकर के भक्तों के लिए सावन माह बहुत पावन है। इस पूरे महीने भगवान भोले शंकर की आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि, मन में प्रसन्नता रहती है। इस बार अधिक मास है। लंबे समय बाद ऐसा संयोग बना है । ऐसे में भगवान शंकर की पूजा-अर्चना के समय साफ सुथरा वस्त्र धारण करें। आसन भी स्वच्छ होना चाहिए। बिल्व पत्र शिवलिंग पर चढ़ाए, लेकिन खंडित नहीं होने चाहिए। इसके अलावा पुष्प माला, भांग इत्यादि भी भोलेनाथ को अर्पित करें। शिवजी हर संकट को हरते है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)


जवाब जरूर दे 

क्या आप मानते हैं कि कुछ संगठन अपने फायदे के लिए बंद आयोजित कर देश का नुकसान करते हैं?

View Results

Loading ... Loading ...


Related Articles

Back to top button
Close
Website Design By Bootalpha.com +91 84482 65129